भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का Durand Cup के अनावरण और flag off समारोह में सम्बोधन (HINDI)

राष्ट्रपति भवन : 07.07.2026

Download : Speeches भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का  Durand Cup के अनावरण और flag off समारोह में सम्बोधन (HINDI)(112.18 KB)

Durand Cup के अनावरण और flagging off समारोह में आप सब के बीच उपस्थित होकर मुझे हार्दिक प्रसन्नता हो रही हैI Durand Cup Tournament ने अनेक फुटबॉल प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया है। इसके लिए मैं इस Tournament से जुड़े सभी पूर्व और वर्तमान अधिकारियों और खिलाड़ियों को बहुत-बहुत बधाई देती हूं।

मुझे बताया गया है कि इस वर्ष कुछ नयी टीमें भी Durand Cup, The President Cup और Shimla Trophy के विजेता बनने के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। मुझे यह जानकर प्रसन्नता हुई है कि इस बार श्रीलंका की एक टीम भी इस आयोजन में भाग ले रही है। मुझे विश्वास है कि नई टीमों के जुड़ने से यह ऐतिहासिक प्रतियोगिता और भी लोकप्रिय बनेगी। इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी टीमों और खिलाड़ियों को अच्छे प्रदर्शन के लिए मैं शुभकामनाएं देती हूं। आप खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करें और इस खेल की प्रतिष्ठा बढ़ाएं।

मुझे ज्ञात हुआ है कि Durand Cup के मैच इस बार कोलकाता, गुवाहाटी, इम्फाल और शिलांग के साथ-साथ, पहली बार, रांची में भी आयोजित किए जाएंगे। मुझे विश्वास है कि इन आयोजनों से उस क्षेत्र की फुटबॉल खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखने का अवसर मिलेगा तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी सुदृढ़ होगी।

देवियो और सज्जनो,

फुटबॉल विश्व के सबसे लोकप्रिय खेलों में से एक है। यह खेल उत्कृष्टता, एकता और खेल भावना का एक अनुपम उदाहरण है। आज-कल FIFA विश्व कप के मैच खेले जा रहे हैं। इस प्रतियोगिता में विश्व की श्रेष्ठ टीमें और खिलाड़ी अपने देश के फुटबॉल की प्रतिष्ठा को बढ़ाने के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। उन टीमों और खिलाड़ियों के प्रशंसक पूरे विश्व में फैले हैं जो उनके अच्छे प्रदर्शन की सराहना करते हैं। फुटबॉल लोगों को एक दूसरे से जोड़ता है। खिलाड़ियों का अच्छा प्रदर्शन सभी खेल प्रेमियों को उत्साहित करता है।

खेल भावना का महत्व केवल खेलों तक सीमित नहीं है। यह एक महत्वपूर्ण जीवन मूल्य है जो हमें समानता, सहयोग और विपरीत परिस्थितियों में भी दृढ़ बने रहने की सीख देता है। हम वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं। मुझे विश्वास है कि जिस प्रकार फुटबॉल में खिलाड़ी एक-दूसरे का सहयोग करते हुए टीम को विजेता बनाते हैं उसी प्रकार हम सभी देशवासी एक-दूसरे का साथ देते हुए विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में सफल होंगे।

मैं एक बार फिर, इस आयोजन से जुड़े सभी लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। फुटबॉल के खेल में भारत को विश्व-स्तर पर अपना स्थान बनाने के लिए बहुत लंबी दूरी तय करनी है। यह आयोजन फुटबॉल की प्रतिभा को निखारने में सहायक बने, ऐसी मेरी मंगलकामना है।

धन्यवाद!
जय हिन्द!
जय भारत!

Subscribe to Newsletter

Subscription Type
Select the newsletter(s) to which you want to subscribe.
The subscriber's email address.